स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) टीम ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी छैला बाबू सरोज को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। मूलरूप से नवाबगंज थाना क्षेत्र के बैरेज श्रृंगवेरपुर गांव निवासी आरोपी पिछले कई महीने से फरार चल रहा था। एसटीएफ के मुताबिक, छैला बाबू के खिलाफ सराय इनायत, सांगीपुर, नवाबगंज, बहरिया और मांडा थानों में चोरी, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हैं। उसके खिलाफ 2024 का एक, 2025 के चार और 2026 के दो एफआईआर बताए गए हैं।
काफी समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में एसटीएफ की की टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान टीम को जानकारी मिली कि आरोपी नई दिल्ली में छिपकर रह रहा है। एसटीएफ पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रभारी जय प्रकाश राय की टीम ने दिल्ली पहुंचकर घेराबंदी की और बुधवार शाम करीब 6:40 बजे नेताजी नगर थाना क्षेत्र में वरिंदर कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के गेट के सामने से उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने एसटीएफ को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2025 में चोरी और लूट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इन घटनाओं के संबंध में प्रयागराज के विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज हैं। आरोपी के मुताबिक, वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को नई दिल्ली के सरोजनी नगर थाने की औपचारिक कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय में पेश करने तथा आगे की विधिक कार्रवाई के लिए प्रयागराज के नवाबगंज थाने में दाखिल कराया गया है।