Cheeti is not stopping, chain snatched from retired officer's wife
लगतार छिनैती-लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की नाक में दम करने वाले बाइकसवार बदमाशों ने एक और चुनौती दी। अल्लापुर में पुलिस चौकी के पास रिटायर अफसर की पत्नी मनोरमा श्रीवास्तव से सोने की चेन छीनकर भाग निकले। पुलिस बदमाशें की तलाश में जुटी रही लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
महेश प्रसाद श्रीवास्तव जिला पूर्ति अधिकारी के पद से रिटायर हैं। वह पत्नी मनोरमा व अन्य परिजनों संग बेली रोड इलाके में रहते हैं। शुक्रवार दोपहर अल्लापुर में पुलिस चौकी के पास रहने वाले एक रिश्तेदार के घर पूजा थी। इसमें शामिल होने के लिए मनोरमा ई रिक्शे पर सवार होकर वहां जा रही थी। अभी वह ई रिक्शे से उतरकर खड़ी ही हुई थीं कि वहां पहुंचे बाइकसवार देा बदमाशों ने उनके गले से चेन छीन ली।
ई रिक्शा चालक ने विरोध किया तो उसे तमंचा दिखाकर धमकाया। कहा कि शोर मचाने पर जान से मार दिए जाओगे। इसके बाद दोनों भाग निकले। सूचना मिली तो अल्लापुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच पड़ताल की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल के पास एक घर में सीसीटीवी कैमरा लगा है। घर के मालिक से फुटेज मांगा गया है। हो सकता है कि बदमाशों की तस्वीर कैमरे में कैद हुई हो। हालांकि देर रात तक मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज की जा सकी थी। प्रभारी जार्जटाउन इंस्पेक्टर का कहना है कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।