इंदिरा भवन में खरीदारी करने पहुंचे छात्र राघवेंद्र गुप्ता ने कहा कि पढ़ाई का एक बड़ा हिस्सा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट हो चुका है। भारी-भरकम वीडियो लेक्चर, पीडीएफ नोट्स और प्रोजेक्ट फाइलों को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त स्टोरेज डिवाइस खरीदना मजबूरी है, लेकिन इन बढ़े दामों ने पॉकेट मनी पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
प्रोफेशनल फोटाग्राफरों पर भी पड़ी चोट
शादी-विवाह और बड़े आयोजनों में वीडियोग्राफी करने वाले पेशेवर फोटोग्राफर राजीव वाष्र्णेय का कहना है कि हाई-डेफिनिशन शूटिंग के लिए बड़े मेमोरी कार्ड और बैकअप ड्राइव अनिवार्य हैं, लेकिन इनके आसमान छूते दामों के कारण अब काम की लागत निकालना मुश्किल हो रहा है। कारोबारी विभु अग्रवाल के मुताबिक, इस पूरी महंगाई की मुख्य जड़ वैश्विक स्तर पर सेमीकंडक्टर चिप की बढ़ी हुई लागत है, जिसका सीधा असर अब स्थानीय खुदरा बाजार पर दिखाई दे रहा है।
डिजिटल जिंदगी चलाने वाले उपकरणों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले आठ महीनों में बढ़ी इन कीमतों की वजह से बाजार में गैजेट्स की डिमांड 35 फीसदी तक घटने का अनुमान है। - धनंजय सिंह, जोनल कोआर्डिनेटर, उप्र कंप्यूटर डीलर वेलफेयर एसोसिएशन