सिविल लाइंस हनुमान मंदिर में चढ़ावे के रूप में आए नोट व सिक्कों की गिनती चुनौती बन गई है। इसके लिए 30 लोगों की टीम बनाने की तैयारी की गई है। इसके बाद भी एक सप्ताह से अधिक समय लगने की बात कही जा रही है।
मंदिर प्रबंधन को लेकर विवाद की वजह से डीएम के प्रतिनिधि के तौर पर एसडीएम सदर अभिषेक सिंह को मंदिर का रिसीवर बनाया गया है। मंदिर में सबसे अधिक विवाद चढ़ावे को लेकर है और अब इसकी गिनती भी चुनौती बन गई है।
मंदिर में 11 लाख रुपये के सिक्के हैं। इनकी गिनती हो चुकी है, लेकिन डबल लॉक में रखे इन सिक्कों की अब दोबारा गणना करानी होगी। इसके अलावा 10 बड़े व छह बड़े बॉक्स हैं, जिनमें चढ़ावा आया है।
प्रशासन की ओर से इनकी गिनती के लिए पूर्व में कवायद की गई थी। लेकिन, जटिल प्रक्रिया होने की बात करते हुए तिथि आगे बढ़ा दी गई। अब फिर से चढ़ावा में आए नोटों व सिक्कों की गिनती करने की तैयारी शुरू की गई है।
एसडीएम सदर अभिषेक सिंह का कहना है कि बॉक्स में छोटे मूल्य के नोट व सिक्के ज्यादा हैं। ऐसे में इनकी गिनती में समय लगेगा। इसके लिए 30 लोगों की टीम बनाने की योजना है। इसके बाद भी सात दिनों में नोटों व सिक्कों की गिनती पूरी हो पाएगी। अभिषेक का कहना है कि इसके लिए नायब तहसीलदार को नोडल बनाया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी।
सिक्कों को बैंक में जमा करना भी होगा कठिन
11 लाख से अधिक के सिक्के पहले से हैं। इसके अलावा लाखों रुपये के सिक्कों के बॉक्स में होने की बात कही जा रही है। गणना के बाद इनको बैंक में जमा करने को लेकर भी सवाल बना हुआ है।