Challenge for cancellation of appointment of accountants, answer summoned
लेखपालों की नियुक्ति रद्द करने को चुनौती, जवाब तलब
0 कार्यभार ग्रहण करने के बाद रद्द की गई नियुक्तियां
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। लेेखपाल भर्ती में चयनित लेखपालों की नियुक्ति रद्द के निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। हाईकोर्ट ने इस मामले में प्रदेश सरकार से जानकारी तलब की है। याचिका की अगली सुनवाई 10 जनवरी को होगी। यह आदेश न्यायमूर्ति जेजे मुनीर ने संध्या कुमारी व 43 अन्य की याचिका पर दिया है।
याचीगण का कहना है कि उनका चयन लेखपाल के पद पर हुआ था और उन्होंने कार्यभार भी संभाल लिया। वह कार्यरत रही है। हाईकोर्ट ने दिवाकर वर्मा केस में नियुक्ति प्रक्रिया को सही नहीं माना और सरकार को कार्रवाई करने का आदेश दिया था। जिस पर राज्य सरकार ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी । याचीगण का यह भी कहना है कि भर्ती में अनियमितता के संबंध में उनके खिलाफ कोई आरोप नहीं है, न ही उनको कोई कारण बताओ नोटिस दिया गया है। बिना सुनवाई का कोई मौका दिए नियुक्तियां रद्द कर दी गई। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में उनकी सेवाएं बिना दोषसिद्ध किए रद्द कर दी गई हैं, जो उचित नहीं है । कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद राज्य सरकार के स्थाई अधिवक्ता जे एस बुंदेला से इस संबंध में जानकारी मांगी है। अगली सुनवाई 10 जनवरी को होगी।