सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों के इंतजार की घड़ियां आखिरकार खत्म हुईं। बृहस्पतिवार से प्रदेश में इलाहाबाद रीजन के अंतर्गत आने वाले 300 केंद्रों पर सीबीएसई की ओर से 10वीं और 12वीं की 2017 की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन 12वीं में इंगलिश इलेक्टिव, फंक्शनल इंगलिश और इंगलिश कोर की परीक्षा में कुल 1.27 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए। इलाहाबाद क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले उत्तर प्रदेश के 57 जिलों में पहले दिन बोर्ड परीक्षा में 1.80 लाख परीक्षा शामिल हुए। इलाहाबाद में कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन 12वीं की परीक्षा हुई। पहले दिन अंग्रेजी की परीक्षा में प्रश्नपत्र अच्छा होने से परीक्षार्थियों के चेहरे का तनाव जाता रहा।
पहले दिन की परीक्षा 12वीं की अंग्रेजी की परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई पड़ी। परीक्षा केंद्र के अंदर जाते समय परीक्षार्थियों के चेहरे पर पहले दिन की परीक्षा का जो तनाव था, वह परीक्षा के बाद दूर होता दिखाई पड़ा। परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकले छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे से उत्साह के साथ पर्चे में शािमल एक-एक प्रश्न के बार में चर्चा की। जगत तारन गोल्डेन जुबली स्कूल से परीक्षा देकर बाहर निकले अमित शुक्ल और आकृति ने बताया कि सीबीएसई ने प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए अलग से समय तय किया है, ऐसे में पर्चा मिलने के बाद झटपट प्रश्न हल करने का दबाव नहीं था।
परीक्षा देकर बाहर निकले राजीव और अमिता ने बताया कि प्रश्नपत्र में शामिल छोटे प्रश्नों को हल करने के बाद पहले दबाव कम करने के बाद बड़े प्रश्नों को हल करने में आसानी हुई। शहर में सीबीएसई ने बारहवीं की परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए हैं। केंद्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट में परीक्षा देकर बाहर आए रश्मि चोपड़ा, अतुल मिश्र ने बताया कि प्रश्नपत्र में सवाल अधिक थे परंतु सीधे-सीधे जवाब मांगे जाने से हल करने में परेशानी नहीं हुई। महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर की अंग्रेजी की शिक्षिका मृगनयनी आर्या ने बताया कि बच्चों ने बड़ी आसानी से सवाल हल किए। पर्चा बैलेंस पूछा गया।
आज की परीक्षा
सीबीएसई की ओर से बुधवार को 10वीं की हिंदी की परीक्षा है। पहले से ही घरेलू परीक्षा का विकल्प चुन लेने के कारण 10वीं की बोर्ड परीक्षा में इलाहाबाद रीजन में मात्र 65 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे।