CBSE 12th standard practical examination regulation
सीबीएसई परीक्षाओं के लिए बोर्ड की ओर से दिशा निर्देश जारी
प्रयागराज। सीबीएसई ने एक जनवरी से शुरू हो रही बारहवीं की प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर दिशा निर्देश जारी किया है। बोर्ड की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि बारहवीं बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा में बाह्य परीक्षक का मौजूद रहना अनिवार्य है। बोर्ड की ओर से स्पष्ट आदेश दिया गया है कि परीक्षा में अनुपस्थित और गायब रहने वाले बाह्य परीक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्रायोगिक परीक्षा में जो शिक्षक परीक्षक बनाए गए हैं, उन्हें संबंधित स्कूल में रिपोर्ट करना होगा।
सीबीएसई बारहवीं की प्रायोगिक परीक्षा एक जनवरी से शुरू हो रही है। सात फरवरी तक चलने वाली प्रायोगिक परीक्षा का कार्यक्रम स्कूल अपने स्तर से तैयार करेगा। प्रयोगात्मक परीक्षा पूरी तरह से बोर्ड के दिशा-निर्देश पर होगी। प्रयोगात्मक परीक्षा का कार्यक्रम स्कूलों को बोर्ड को पहले उपलब्ध करवाना होगा। बोर्ड को भेजे गये कार्यक्रम के अनुसार ही स्कूल की प्रायोगिक परीक्षा होगी। स्कूल अपने स्तर पर कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं कर सकेंगे। बोर्ड ने सभी स्कूलों को प्रयोगात्मक परीक्षा की वीडियोग्राफी कराने को कहा है। वीडियोग्राफी के लिए स्कूलों को बोर्ड की ओर से एप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्कूल इस एप से प्रायोगिक परीक्षा की लाइव वीडियोग्राफी करके बोर्ड को भेजेंगे। परीक्षा के लिए 25-25 छात्रों का ग्रुप बनाया जाना है।