कौशाम्बी में बालू कारोबारियों के घरों पर सीबीआई के छापे
-पांच घंटे तक घरों का कोना-कोना खंगाला, बालू खनन से जुड़े दस्तावेज ले गई साथ
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर । जिले में बड़े पैमाने पर हुए अवैध बालू खनन की जांच कर रही सीबीआई की टीम ठीक साल भर बाद एक बार फिर कौशाम्बी आई। शनिवार की सुबह टीम ने अलग-अलग गांवों में छह बालू कारोबारियों के घरों पर छापे मारे। तकरीबन पांच घंटे तक टीम ने कारोबारियों के घरों का चप्पा-चप्पा खंगाला। टीम ने इस दौरान बालू खनन से जुड़े दस्तावेज कब्जे में ले लिए।
मई 2012 के बाद बालू खनन के लिए स्वीकृत पट्टों को उच्च न्यायालय ने अवैध करार दे दिया था। इसके बाद भी बालू कारोबारियों ने जिले में अवैध रूप से बालू का खनन किया। मामला फिर उच्च न्यायालय पहुंचा तो सीबीआई जांच बैठा दी गई। पिछले वर्ष जनवरी माह में भी सीबीआई टीम यहां आई थी और लगभग एक सप्ताह तक ठहरी थी। इस दौरान उसने बालू कारोबारियों समेत कई लोगों से पूछताछ की थी। अब तक सीबीआई टीम पांच बार जिले में आकर जांच कर चुकी है। मामले में सीबीआई द्वारा तत्कालीन खान अधिकारी अरविंद कुमार समेत आठ कारोबारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। छठवीं बार सीबीआई टीम शनिवार को जिले में आई। टीम के सदस्यों ने अलग-अलग ग्रुप में गौरए, इमली, पभोषा, रुसहाई, बभनपुरव गांवों में छह कारोबारियों के घरों पर छापे मारे। सुबह तकरीबन सात बजे कारोबारियों के घर में टीम के सदस्य दाखिल हुए। टीम ने इस दौरान बालू खनन से जुडे जो भी दस्तावेज मिले, सभी को कब्जे में ले लिया। लगभग पांच घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान कारोबारियों के गांवों में सन्नाटा पसरा रहा।