सिविल लाइंस निवासी भाजपा नेता लक्ष्मी शंकर ओझा की संदिग्ध हाल में मौत के मामले में एक और रिपोर्ट दर्ज हुई है। चचेरे भाई कमलाशंकर ओझा ने हत्या व चोरी का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता की बेटी-दामाद समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर दारागंज पुलिस जांच में जुट गई है। सरदार पटेल मार्ग सिविल लाइंस निवासी भाजपा नेता लक्ष्मीशंकर ओझा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष थे। वह पिछले साल पांच अगस्त को दारागंज में परेड मैदान पर गंभीर रूप से जख्मी हालत में मिले थे। 17 अगस्त को इलाज के दौरान एसआरएन अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। इससे पहले इलाज के दौरान ही उनके घर में आलमारी से लाइसेंसी रिवॉल्वर व नगदी गायब हो गई थी। इस मामले में बेटी एकता दुबे की ओर से कमलाशंकर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उधर, कमलाशंकर का आरोप है कि एकता से भाजपा नेता का कोई वास्ता नहीं था। जल्द संपत्ति पाने की लालच में अपने पति सृष्टि चंद्र व मामा अशोक शुक्ला संग मिलकर सुनियोजित योजना के तहत उनकी हत्या कर दी और फिर लीपापोती के लिए उनके खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने से पहले ही उन्होंने आरोपियों की शिकायत एसपी क्राइम से की, जिस पर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। जिसके बाद उन्होंने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर दारागंज थाने में भाजपा नेता की बेटी एकता, दामाद सृष्टिचंद्र, अशोक शुक्ला व सौरभ शुक्ला पर रिपोर्ट दर्ज की गई। दारागंज पुलिस ने बताया कि जांच की जा रही है।