prayagraj news : जहरीली शराब से मौत के बाद घर पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : prayagraj
जहरीली शराब से मौतों के मामले में पुलिस ने दो दिन पहले मुकदमा दर्ज किया था। इसमें चार नामजद व अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया गया था। नामजद आरोपियों में से विनोद उर्फ मुन्ना व उससे पूछताछ में प्रकाश में आए आठ अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने एक अन्य नामजद आरोपी विमलेश उर्फ ननची निवासी बींदा को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो कुछ अहम जानकारियां हाथ लगीं।
सूत्रों के मुताबिक, ननची ने पूछताछ में बताया है कि दो अन्य नामजद आरोपी संजय जायसवाल निवासी खपटीहा हंडिया व दिलीप पटेल निवासी पुरानी सैदाबाद ही शराब तस्क र गिरोह का संचालन करते हैं। संजय बाहुबली विधायक का गुर्गा व उसके भतीजे का दोस्त है, जबकि दिलीप सैदाबाद स्थित निम्हारा में पोल्ट्री फार्म का संचालन करता है।
prayagraj news : जहरीली शराब से मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : prayagraj
इनमें से एक पोल्ट्री फार्म का काम विनोद उर्फ मुन्ना संभालता था। पोल्ट्री फार्म की आड़ में ही दोनों अवैध शराब की तस्करी कराते थे। उन्हीं के जरिए शराब विमलेश उर्फ ननची व पकड़े गए अन्य लोगों तक पहुंचती थी जो अलग-अलग गांवों में शराब पहुंचाने व बेचने का काम करते थे। डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। वह अपने घर छोड़कर गायब हैं। उनके हर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस के साथ ही एसओजी की टीमों को भी लगाया गया है।