कर्नलगंज थाना क्षेत्र में मकान मालिक के बेटे पर छात्रा का बाथरूम में वीडियो बनाने का प्रयास करने का आरोप लगा है। कौशाम्बी के महेवाघाट थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा ने एफआईआर में बताया कि वह कर्नलगंज क्षेत्र में फुफेरे भाई के साथ किराये के कमरे में रहकर बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है। 15 अक्तूबर को शोध कार्य के सिलसिले में उसका भाई दिल्ली गया था। आरोप है कि उसी दिन सुबह मकान मालिक के बेटे विशाल श्रीवास्तव ने बाथरूम में नहाते समय उसे देखने और वीडियो बनाने का प्रयास किया। मोबाइल देखकर वह चीखी तो आरोपी गया। छात्रा ने मांग की है कि यदि कोई वीडियो बनाया गया है तो उसे डिलीट कराया जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।