क्रियायोग आश्रम एवं अनुसंधान संस्थान के संंबंध में फर्जी वसीयत तैयार करने के आरोप में दो कनाडाई नागरिक समेत चार लोगों पर झूंसी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट क्रियायोग आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष क्रियायोग गुरु स्वामी योगी सत्यम ने लिखाई है।
क्रियायोग आश्रम एवं अनुसंधान संस्थान के संंबंध में फर्जी वसीयत तैयार करने के आरोप में दो कनाडाई नागरिक समेत चार लोगों पर झूंसी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट क्रियायोग आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष क्रियायोग गुरु स्वामी योगी सत्यम ने लिखाई है। आरोप यह भी है कि उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। मामला कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ है।
विज्ञापन
तहरीर में योगी सत्यम ने आरोप लगाया है कि वह 16 मई 2024 को स्विटजरलैंड में आध्यात्मिक क्रिया योग प्रचार यात्रा पर गए थे। वहां से वह 27 मई की रात वापस आए। 28 मई 2024 को आश्रम की ही क्रियायोग सत्संग समिति की पूर्व सेक्रेटरी दिवंगत संन्यासिनी स्वामी ज्ञान माता उर्फ राधा सत्यम के आश्रम में बंद पड़े कक्ष से संस्था की पत्रावली और कुछ जरूरी कागज निकालने के लिए गए। वहां स्वामी ज्ञानमाता की आलमारी से दो वसीयतनामा प्राप्त हुए, जो प्रार्थी के ही फोटो लगे व कूटरचित हस्ताक्षर से फर्जी तरीके से तैयार कराए गए थे।
वसीयतनामे में स्वामी ज्ञानमाता और जेना वेडेस्सी उर्फ तारा माता को पूरे आश्रम की चल-अचल संपत्ति के आधे-आधे भाग की उत्तराधिकारी नियुक्त करने की बात पढ़कर वह स्तब्ध रह गए। आरोप है कि उक्त विदेशी महिला ने जुबान बंद रखने और वसीयतनामा का किसी से जिक्र न करने को लेकर उन्हें धमकियां दिलाईं। शिकायत करने पर दुष्कर्म के झूठे आरोप में फंसाकर बर्बाद करने की भी बात कही।
विज्ञापन
29 मई 2024 को तहरीर थानाध्यक्ष झूंसी व पुलिस कमिश्नर को पंजीकृत डाक के जरिए दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट में गुहार लगाई। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर झूंसी थाने में जेना वेडेस्सी उर्फ तारा माता व मोगामत टोमर बाबू उर्फ स्वामी कृष्णानंद निवासी कनाडा व अस्थायी पता क्रिया योग आश्रम के अलावा आशीष सिंह निवासी हंडिया व उत्तम देवी निवासी जौनपुर पर रिपोर्ट दर्ज की गई। अन्य दोनों आरोपियों पर धोखाधड़ी में सहयोग करने का आरोप है। झूंसी थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।