अतीक, अशरफ के गुर्गे केस वापसी का बना रहे दबाव
धूमनगंज में अतीक अहमद के भाई अशरफ व उसके गुर्गों पर मुकदमा दर्ज कराने वाले सूरजपाल ने एसएसपी से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। आरोप लगाया कि अतीक के गुर्गे मुकदमा वापसी के लिए उस पर दबाव बना रहे हैं। साथ ही जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीपलगांव निवासी सूरजपाल ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें बताया कि उसने पिछले दिनों धूमनगंज थाने में अशरफ, खालिद जफर, मो. माज, दिलीप कुशवाहा, मो. मुस्लिम, मो. हसन व दो अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया है।
आरोप लगाया कि विपक्षी उसे अतीक अहमद का नौकर बताकर फर्जी दरख्वास्त अफसरों के समक्ष दिलवा रहे हैं। जबकि उसका अतीक या उसके किसी गुर्गे से कोई संबंध नहीं है। 2018 में भी वह अतीक के गुर्गों के खिलाफ केस दर्ज करा चुका है।
उसके पास कुछ जमीनें हैं और खाते में महज दो लाख रुपये हैं, जबकि उसे करोड़पति बताकर अफसरों तक शिकायत पहुंचाई जा रही है। उसने बताया कि धूमनगंज में रंगदारी मांगने के मामले में नामजद सभी आरोपी अतीक गैंग के सदस्य हैं। साथ ही जमीन का काम कर रहे हैं। केस वापस न लेने पर वह उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने, जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित का दावा है कि एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।