इलाहाबाद। शहर में रविवार को बढ़ई समेत दो की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। चौफटका रेलवे क्रासिंग के पास बढ़ई की लाश मिली। वहीं फाफामऊ गंगा रेलवे पुल पर एक तीस वर्षीय अज्ञात युवक की लाश मिली। खुल्दाबाद और शिवकुटी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मूलरूप से कौशांबी का रहने वाला छोटे लाल शर्मा उर्फ छोटू बाबू (45) बढ़ई का काम करता है। उसके बड़े भाई अर्जुन प्रसाद रेलवे में नौकरी करते हैं। सुबह लगभग 11 बजे चौफटका रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे पटरी के बगल उसकी क्षत-विक्षत लाश मिली। सूचना पर खुल्दाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिनाख्त के बाद घर वालों को बताया तब परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंची।
छोटे लाल की मौत से पत्नी सोनी और दोनों बेटों पीयूष और ऋषि का रोकर बुरा हाल था। घरवालों ने बताया कि वह कानपुर गया हुआ था। वह ट्रेन से घर लौट रहा था। आशंका है कि चौफटका के पास ट्रेन पर रुकी होगी। वह ट्रेन से उतरकर पानी टंकी चौराहे से विक्रम पकड़ने के लिए उतरने लगा होगा और हादसे का शिकार हो गया। वहीं खुल्दाबाद इंस्पेक्टर समीर सिंह का कहना है प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है। वहीं शिवकुटी में फाफामऊ गंगा रेलवे पुल पर सुबह एक तीस वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पुलिस पहुंची। पुलिस को उसके पास ऐसा कुछ नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।