अमर उजाला के एजुकेशन एक्सपो ‘लक्ष्य-2015’ में आखिरी दिन सोमवार को छात्र-छात्राओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। कौन सा क्षेत्र चुनें, कॅरिअर के लिए क्या बेहतर होगा, कौन से कालेज में दाखिला लें समेत कॅरिअर से जुड़ीं तमाम सवाल लेकर विद्यार्थी तथा अभिभावक होटल कान्हा श्याम में पहुंचे। विद्यार्थियों के लिए आखिरी दिन कुछ खास रहा और उन्हें प्रख्यात काउंसलर जतिन चावला से रूबरू होने का मौका मिला। विद्यार्थियों को विशेषज्ञों की मदद से एक ही छत के नीचे अलग-अलग तरह के पाठ्यक्रमों तथा उसमें कॅरियर की संभावनाओं की बाबत संतोषजनक जवाब मिले।
सोमवार को एजुकेशन एक्सपो का उद्घाटन मुख्य अतिथि मोती लाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने किया। इस मौके पर कई शिक्षक भी मौजूद रहे।
‘लक्ष्य’ को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह रहा और उद्घाटन से पहले ही सैकड़ों विद्यार्थी एक्सपो में पहुंच गए थे। पाल्यों के कॅरिअर को लेकर चिंतित बड़ी संख्या में अभिभावक भी पहुंचे थे और अपनी शंकाओं को दूर करके गए। कान्हा श्याम में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के पहुंचने का क्रम देर शाम तक चलता रहा। संचालन कर रहे आरजे सुनील शुक्ल तथा प्रख्यात काउंसलर जतिन चावला की आकर्षक प्रस्तुति भी विद्यार्थियों को काफी भाई। जतिन चावला से विद्यार्थियों ने सवाल भी पूछे। सवाल-जवाब का यह सिलसिला कई चरणों में चला। एक्सपो में पूरे देश के दो दर्जन शिक्षण संस्थान, बैंक आदि के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने उनके स्टाल पर जाकर भी विभिन्न कोर्सेज के बारे में जानकारी ली। अमर उजाला के अनिल सिद्धार्थ ने मुख्य अतिथि तथा शिक्षकों का स्वागत किया।