स्टैंड वाले पर शक जताया, पुलिस ने की पूछताछ
प्रयागराज। एसआरएन अस्पताल में मरीज देखने वाले तीमारदार की बोलेरो 13 नवंबर को चोरों ने उड़ा दी थी। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला है जिसमें एक दुबला पतला व्यक्ति गाड़ी में बैठता दिख रहा है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। रिपोर्ट दर्ज कराने वाले युवक ने सीसीटीवी में दिख रहे स्टैंड वाले पर शक जताया है। पुलिस ने उससे पूछताछ की है लेकिन जानकारी नहीं मिल पाई।
हलिया मिर्जापुर के रहने वाले रोहित चौबे 13 नवंबर को बोलेरो गाड़ी से एसआरएन अस्पताल किसी को देखने आए थे। रात में उन्होंने ट्रामा सेंटर के पास गाड़ी खड़ी की थी। करीब दो घंटे बाद वे बाहर आए तो देखा गाड़ी गायब है। उन्होंने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जांच शुरू की तो एक सीसीटीवी फुटेज मिल गया। एसएसआई कोतवाली बृजेश कुमार ने बताया कि उसमें एक दुबला पतला व्यक्ति गाड़ी में बैठते दिख रहा है। वहीं पर और लड़का खड़ा हुआ था। वह स्टैंड पर काम करता है। पुलिस ने उसे पकड़ा और पूछताछ की लेकिन वह गाड़ी के बारे में कुछ नहीं बता सका। गाड़ी में बैठने वाले युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है। उसका चेहरा बहुत स्पष्ट नहीं है। एसआरएन के आस पास से कई लड़कों को उठाकर उसके बारे में पूछताछ की गई लेकिन पता नहीं चल पाया।