एडीएम के बेटे के मौत मामले में कार मालिक का बयान दर्ज
एडीएम (नागरिक आपूर्ति) विजय शर्मा के बेटे हृदयांश (12) की मौत के मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने कार मालिक डॉक्टर आयुष का बयान दर्ज किया। पुलिस पूछताछ में आयुष ने कहा कि, घटना के दिन कार उनका ड्राइवर चला रहा था। ऐसे में पुलिस अब ड्राइवर के नाम पता से लेकर अन्य सभी जानकारियां जुटाई है।
वहीं, पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर कैमरे से लेकर मोबाइल सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) खंगाल रही है। पुलिस पता लगा रही है कि घटना के दिन कौन ड्राइवर कार चला रहा था। साथ ही पुलिस लखनऊ से घटना में शामिल कर्व कार को जब्त कर प्रयागराज लेकर आई है। बता दें कि नौ मई की रात सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस के सामने हृदयांश उस वक्त हादसे का शिकार हुआ था, जब वह पिता के साथ रात के खाने के बाद टहलने निकला था।
घटना के बाद एडीएम की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सिविल लाइंस और आसपास के इलाकों में लगे 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक संदिग्ध कार की पहचान हुई, जिसकी ट्रैकिंग करते हुए पुलिस पहले डॉक्टर के घर और फिर लखनऊ तक पहुंच गई।