सड़क हादसे में युवक की गई जान
रविवार शाम को विसहिजन कला गांव के सामने हाईवे पर अचानक मवेशियों के आ जाने से बाइक सवार युवक हादसे का शिकार हो गया। सिर में गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने शव को चीरघर भेज दिया। उधर, बदहवास हालात में मौके पर पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा।
मेजा थाना क्षेत्र के कोढ़निया गांव के ज्ञान कुशवाहा के दो बेटों में बड़ा प्रदीप कुमार कुशवाहा (25) रविवार शाम को बाइक से मेजारोड जा रहा था। वह जैसे ही विसहिजन कला गांव के सामने पहुंचा वैसे ही सड़क पर गाय आ गई। जिससे वह टकरा गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आ जाने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मेजारोड पुलिस चौकी के दरोगा सचिन देव वर्मा संग मेजा थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह पहुंच गए। हादसे से घर में कोहराम मचा हुआ है।