कौंधियारा थाना अंतर्गत सड़वा सीमेंट फैक्टरी के पास सोमवार की शाम पांच बजे बाइक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। हादसे में कार सवार दो लोग और बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि अन्य को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसरा भेजा है।
मध्य प्रदेश के मऊगंज निवासी सत्यम गुप्ता पुत्र कृष्णमुरारी, हर्ष गुप्ता पुत्र कन्हैयालाल, उदयभान गुप्ता, विजय गुप्ता, प्रियम गुप्ता, ऋषि गुप्ता व अभिषेक नामदेव पुत्र मुन्ना कार से प्रयागराज की ओर आ रहे थे। गौहनिया की ओर से जारी की तरफ जा रहे बाइक सवार दो युवक अचानक कार के सामने आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार गड्ढे में गिर गई।
कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कौंधियारा पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकल सीएचसी पहुंचाया।
थाना प्रभारी कौंधियारा कुलदीप शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार में छह लोग सवार थे। जिनमें से दो को गंभीर चोटें आई हैं। बाइक सवार एक युवक भी गंभीर है। सभी घायलों को सीएचसी जसरा ले जाया गया है।