220/33 केवी क्षमता वाले कैंट पावर सब स्टेशन से निकली केबल रविवार को कुंभ के तहत सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान कट गई। इससे नगरीय विद्युत वितरण खंड कल्याणी देवी के 11 केवी क्षमता वाले छह फीडर बंद हो गए। इन फीडरों के बंद होने से शहर के एक बड़े हिस्से में रात को अंधेरा छा गया। केबल कटने से बिजली संकट की जानकारी मिलने के बाद एक्सईएन एलबी चक्रवेदी के निर्देश पर पेट्रोलिंग शुरू करा दी गई। इस फीडरों पर वैकल्पिक आपूर्ति के निर्देश दिए गए, लेकिन देर रात तक कामयाबी नहीं मिल सकी थी। उधर, टूरिस्ट बंगलों के पास ट्रांसफार्मर जलने और बेली में जंफर टूटने से भी संबंधित इलाकों में आपूर्ति प्रभावित रही।
कुंभ के तहत एडीए की ओर से कराए जा रहे सड़क चौड़ीकरण के दौरान रविवार को जेसीबी से खोदाई के समय कैंट पावर सब स्टेशन के पास ही अंडरग्राउंड केबल कट गई। इससे 11 केवी क्षमता के मरकरी फीडर, एमएलएन फीडर, काटजू रोड फीडर, आरआरआई फीडर, मंसूर पार्क फीडर और दारा शाह अजमल फीडर से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। नखास कोहना, हिम्मतगंज, शाहगंज, कालाहांडा, इलाहाबाद डिग्री कॉलेज, खुसरोबाग, खुल्दाबाद, अटाला समेत कई इलाकों में भी बिजली नहीं रही। बिजली विभाग के मुताबिक कैंट से कल्याणी देवी के लिए निकली 6.50 किमी लंबी केबल इससे पहले सड़क चौड़ीकरण के दौरान 30 बार कट चुकी है और उसमें कई जोड़ बन गए हैं। हालत यह है कि अब अगर यह केबल नहीं बदली गई तो बारिश के मौसम में आने वाले समय में फाल्ट का खतरा बढ़ जाएगा। एक्सईएन चक्रवेदी ने बताया कि केबल कटने से प्रभावित इलाकों में वैकल्पिक आपूर्ति पर मंथन किया जा रहा है। जब तक केबल बन नहीं जाती तबतक दूसरे फीडरों से रोस्टर के हिसाब से बारी-बारी से सभी इन छह फीडरों को जोड़कर चलाने की कोशिश की जाएगी। छोटा बाघाड़ा में भी लो वोल्टेज के साथ कटौती से लोग परेशान रहे।
कुंभ मेला के तहत हो रहे कार्यों के लिए विद्युत वितरण खंड कल्याणी देवी के चार फीडरों पर सोमवार से पांच दिन के लिए शट डाउन लिया जाएगा। दारागंज इलाके में पेशवाई मार्ग के भी दो फीडर इस अवधि में बंद रहेंगे। इस दौरान इन फीडरों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक आपूर्ति ठप रहेगी। एक्सईएन एलबी चक्रवेदी के अनुसार पीडी पार्क फीडर, एमजी मार्ग फीडर, लोकनाथ फीडर, मोहम्मद अली पार्र्क फीडरों पर 16 से 20 जुलाई तक प्रतिदिन छह-छह घंटे आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी तरह दारागंज क्षेत्र में पेशवाई मार्ग पर एरियल बंच कंडक्टर लगाने के कार्य के चलते इस इलाके में सोमवार से 20 जुलाई तक सुबह 10 से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
अलोपीबाग स्थित फोर्ट रोड विद्युत उप केंद्र पर नेटवर्क टावर शिफ्टिंग की वजह से सोमवार से बुधवार यानी 18 जुलाई तक कैश काउंटर बंद रखा जाएगा। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इस अवधि में फोर्ट रोड की जगह बैरहना या लोहापार्क अल्लापुर में बिजली बिलों का भुगतान हो सकेगा। यह जानकारी फोर्ट रोड के उपखंड अधिकारी शुभम मिश्र ने दी।