प्रयागराज। विश्व एड्स दिवस पर रविवार को बचाव की जानकारी देने को कैंडल मार्च निकाला गया। स्वास्थ्य विभाग के साथ विभिन्न संस्थाओं, स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, शिक्षिकाओं ने सहभागिता कर लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर विभिन्न कॉलेजों में पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रथम तीन विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
रैली में शामिल लोग एड्स से बचाव की जानकारी देने वाले स्लोगन लिखीं तख्तियां लिए थे। लोगों को इस वर्ष की थीम ‘समुदाय से समुदाय’ के बारे में जानकारी देकर इलाज संबंधी सूचनाएं भी दी गईं। विशेषज्ञों ने बताया कि यह छुआछूत की नहीं बल्कि लापरवाही के परिणाम स्वरूप घेरने वाली बीमारी है। बेली अस्पताल के क्षय रोग केंद्र से शुरू रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए क्षय रोग केंद्र पर ही समाप्त हुई।
जिला क्षयरोग अधिकारी, जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इससे पूर्व शनिवार को सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी की अगुवाई में भी जागरूकता रैली और कैंडल मार्च निकाला गया था। रैली के आरंभ सीएमओ ने बताया कि सभी जिला अस्पतालों में एड्स की जांच और उपचार की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है। पीड़ितों की काउंसिलिंग भी की जाती है। इस मौके पर डॉ. रोहित पांडेय, विनोद सिंह, करमा इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल, जय माँ शारदा पैरामेडिकल कॉलेज, सेंट मदर डेरिसा स्कूल ऑफ नर्सिंग, आर्य कन्या डिग्री कॉलेज, जगत तारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज, खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, रेडक्रास सोसाइटी समेत अन्य संस्थाओं से जुड़े लोग और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।