विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षकों की नियुक्ति में 13 प्वाइंट रोस्टर को लागू करने की मांग को लेकर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शोध छात्रों ने कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च विवि के अमर नाथ झा छात्रावास से चंद्रशेखर आजाद प्रतिमा तक निकाला। इस दौरान मांग की गई कि विवि में ठप पड़ी भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। कैंडल मार्च निकालने वालों का कहना था कि उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के निर्णय के बाद अब तत्काल प्रभाव से 13 प्वाइंट रोस्टर लागू करने की मांग की है।
छात्रों का कहना था कि यदि न्यायालय के निर्णय के खिलाफ सरकार ने अध्यादेश लाने की कोशिश की तो लोकसभा चुनाव में गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा। जुलूस में शामिल शोधार्थियों ने सरकार से मांग की कि वह न्यायालय के न्याय संगत निर्णय को अध्यादेश के माध्यम से परिवर्तित न करें। ऐसा होने पर आगामी लोकसभा चुनाव में शिक्षक भर्ती के दावेदार सरकार का विरोध करेंगे। अमर नाथ झा छात्रावास के कॉमन हाल में बैठक करके छात्रों ने कहा कि यदि सरकार ने अध्यादेश लाकर न्याय संगत फैसले का पलटा तो यह न्यायिक प्रक्रिया एवं संवैधानिक व्यवस्था के विरूद्घ होगा। जुलूस में बड़ी संख्या में प्रतियोगी एवं शोध छात्र शामिल हुए।