विश्वविद्यालय के छात्रों ने मंगलवार को फिर से कैंडल मार्च निकाला। हालांकि इस बार पुलिस ने उन्हें नहीं रोका। शांतिपूर्ण तरीके से निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान छात्रों ने कहा कि जब तक नैनी में बंद छात्रों की रिहाई नहीं होती और उन पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते, आंदोलन जारी रहेगा। उधर, इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कुलपति का पुतला फूंका और पुतले की शवयात्रा भी निकाली।
विश्वविद्यालय के छात्रों ने मंगलवार को प्रशासन से अनुमति लेकर महिला हॉस्टल से छात्रसंघ भवन तक कैंडल मार्च निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे। इस दौरान बड़े पैमाने पर फोर्स तेनात रही लेकिन इस बार छात्र-छात्राओं के नहीं रोका गया। कैंडल मार्च का नेतृत्व कर रहे छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने विश्वविद्यालय में हुए बवाल के लिए कुलपति को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही कहा कि जब तक छात्रों की रिहाई नहीं होती है और उन पर संगीन धाराओं में दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते हैं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उधर, एबीवीपी के महानगर मंत्री रिंकू पयासी के नेतृत्व में मंगलवार को इलाहाबाद डिग्री कॉलेज से बैरहना चौराहा तक कुलपति के पुतले की शवयात्रा निकाली गई और पुतला दहन किया गया। इस दौरान छात्र नेता प्रफुल्ल देव शुक्ल, विद्यासागर मिश्र, विजय प्रताप सिंह, सूर्य प्रकाश मिश्र, अंशुल विद्यार्थी, संदीप मौर्या, आकाश मिश्र, अंकित सिंह, विनय यादव, अनुराग त्रिपाठी, प्रणव, आशुतोष, पवन, कमल, सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।
जेल में बंद छात्रों से मिले फूलपुर के विधायक
फूलपुर के भाजपा विधायक प्रवीण पटेल ने मंगलवार को नैनी जेल में जाकर छात्र नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने छात्र नेताओं को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने मामले में संज्ञान लिया है। जल्द ही छात्रहित में कोई निर्णय लिया जाएगा। कहा कि भाजप छात्रों के साथ है।