अधिकारियों से वार्ता के बाद धरना समाप्त
प्रमुख पदाधिकारियों की हिरासत के बावजूद डीएलएड अभ्यर्थी निर्धारित स्थल पर पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर अभ्यर्थियों से वार्ता की। वार्ता के दौरान अधिकारियों की ओर से बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्र की प्राथमिक शिक्षक भर्ती का विज्ञापन अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में जारी किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
संगठन द्वारा अनवरत धरना जारी रखने की घोषणा की गई थी, लेकिन आंदोलन के दौरान संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की हिरासत तथा विभागीय अधिकारियों से हुई वार्ता में मिले आश्वासन के बाद फिलहाल धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया नहीं हुई तो फिर होगा आंदोलन
डीएलएड संगठन ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन को अभ्यर्थी गंभीरता से ले रहे हैं। संगठन की मांग है कि ग्रामीण क्षेत्र के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में आगे बढ़ाया जाए और नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के रिक्त पदों को मिलाकर 60 हजार प्राथमिक शिक्षक भर्ती की दिशा में ठोस निर्णय लिया जाए। संगठन ने कहा कि यदि निर्धारित समय में भर्ती प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया गया और अभ्यर्थियों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदेश के डीएलएड अभ्यर्थी पुनः लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।