Candidates from New Director for Counseling
प्रयागराज। विज्ञापन संख्या 46 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा की अतिरिक्त सूची के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराकर कॉलेज आवंटित किए जाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने सोमवार को उच्च शिक्षा निदेशालय के नवनियुक्त कार्यवाहक निदेशक डॉ. अमित भारद्वाज से मुलाकात की। अभ्यर्थियों ने उनका स्वागत किया और फिर, अपनी मांगें से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। डॉ. अमित ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन देने पहुंचे अभ्यर्थियों का कहना था कि विज्ञापन संख्या 46 के तहत मुख्य सूची में चयनित अभ्यर्थियों को कार्यभार ग्रहण करने के लिए दो अतिरिक्त अवसर दिए जा चुके हैं। निदेशालय की ओर से जारी नोटिस में यह भी कहा गया था कि अतिरिक्त अवसर देने के बाद ज्वाइन नहीं करते हैं तो मान लिया जाएगा कि वे कार्यभार ग्रहण करने के इच्छुक नहीं हैं और उनकी आसन व्यवस्था स्वतं: निरस्त माली जाएगी। साथ ही उनकी जगह अतिरिक्त सूची के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराकर भर्ती की जएगी।
अभ्यर्थियों ने कार्यवाहक निदेशक से कहा कि उच्चतर शिक्षा सेवा चयन आयोग में विज्ञापन संख्या 47 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा का इंटरव्यू चल रहा है। नई परीक्षा का रिजल्ट आते ही विज्ञापन संख्या 46 की अतिरिक्त सूची स्वत: समाप्त हो जाएगी और पद रिक्त होने के बावजूद अतिरिक्त सूची के अभ्यर्थियों को नौकरी से वंचित होना पड़ेगा। इस पर कार्यवाहक निदेशक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में अभिषेक उपाध्याय, राजकुमार, सुधांशु प्रताप सिंह, डॉ. राम कुमार, डॉ. संजय कुमार गौतम आदि शामिल रहे।
प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए तीन वर्षों से कोई नया विज्ञापन नहीं आया है। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग को पदों का अधियाचन न भेजे जाने के कारण भर्ती फंसी हुई है। इस मुद्दे पर अभ्यर्थियों ने सोमवार को उच्च शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन किया और नए कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. अमित भारद्वाज को ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों का कहना है कि अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के तकरीबन चार हजार पद रिक्त हैं। बड़ी संख्या में यूजीसी नेट, जेआरएफ, पीएचडी कर चुके अभ्यर्थी नौकरी के लिए भटक रहे हैं। रिक्त पदों पर असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए निदेशालय की ओर से उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग को पदों का अधियाचन शीघ्र भेजा जाएगा। प्रदर्शन में शैलेंद्र, राकेश वर्मा, पवन कुमार सिंह, राकेश सिंह आदि शामिल रहे।