69000 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में आवेदन और मोबाइल नंबर में संशोधन की मांग करने वाले अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संशोधन के लिए अभ्यर्थियों को कार्यालय बुलाने की अनुमति प्रशासन से मांगी गई थी, लेकिन इसे नामंजूर कर दिया गया। अब लॉकडाउन के चलते मामले में सुनवाई नहीं होने से अभ्यर्थी परेशान हैं।
शिक्षक भर्ती के फार्म में संशोधन कराने के लिए प्रदेश भर से अभ्यर्थी परिषद की हेल्पलाइन और ई-मेल आईडी पर गुहार लगा रहे हैं। परिषद ने सफल अभ्यर्थियों को परिषद कार्यालय आकर अपने प्रत्यावेदन देकर मोबाइल नंबर में संशोधन के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी थी, लेकिन प्रशासन की ओर से कोविड-19 के खतरे को देखते हुए अनुमति नहीं दी गई। जिला प्रशासन की ओर से मना कर देने के बाद अब परिषद ने बेसिक शिक्षा विभाग से इस बारे में अनुमति मांगी है।
जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से मोबाइल नंबर बदलने के बारे में कोई निर्णय नहीं होता देख शनिवार को शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार के पास ज्ञापन सौंपा। परीक्षार्थियों का कहना है कि अब आवेदन में मात्र तीन दिन ही शेष हैं, ऐसे में प्रदेश के अलग-अलग भागों में अभ्यर्थी मोबाइल नंबर बदलने के लिए परेशान हैं। उन्हें मोबाइल नंबर बदलने का मौका नहीं मिला तो वह आवेदन से वंचित रह जाएंगे।
अब तक आए 1.22 लाख आवेदन
शिक्षक भर्ती में काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन के छठे दिन तक कुल 1.22 लाख अभ्यर्थियों के आवेदन आए हैं। इसी क्रम में शनिवार को 12 हजार आवेदन आए। अब परीक्षा में सफल 1.46 लाख अभ्यर्थियों में से मात्र 24 हजार ही बचे हैं, जिनके आवेदन आने हैं। अंतिम आंकड़ा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 मई को पूरी होने के बाद आएगा।