इलाहाबाद (ब्यूरो)। ईद के नजदीक आते ही ईद बाजार की रौनक कई गुना बढ़ गई है। बाजार में भीड़ इस दोपहर से लेकर आधी रात तक बाजार गुलजार हैं। बड़े-बड़े शोरूमों से लेकर फुटपाथ लगी दुकानों तक सभी में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। ईद के बेहद ही खास मौके पर मुस्लिम परिवार खुद घर के हर एक कोने को नया इंटीरियर लुक देने के लिए खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में लेटेस्ट ट्रेड से जुड़ा हर एक सामान मौजूद है।
चौक, शाहगंज, रोशनबाग बाजार खरीदारों से गुलजार है।
इफ्तारी के बाद रात में भी महिलाएं अपने परिवार के साथ खरीदारी के लिए निकल रही हैं। जिससे कम वक्त में ज्यादा से ज्यादा सामानों की खरीदारी कर ईद तक घरों को नया लुक देने का काम पूरा हो सके। कपड़ों, कॉस्मेटिक, ज्वैलरी से लेकर इंटीरियर डेकोरेशन और किचन अप्लांइस हर किसी की खरीदारी की जा रही है। वहीं बुटीक और दर्जी की दुकानों पर इतने ज्यादा आर्डर है कि उन्होंने नया आर्डर लेने से ही मना कर दिया है। ईद की खरीदारी लेटेस्ट फैशन ट्रेंड को ध्यान में रखकर की जा रही है।
फ्रॉक और अनारकली सूट के इतर पाकिस्तानी सूट की बेहद डिमांड है। प्जालो, ट्राउंजर और लेगिंग्स के कॉम्बिनेशन में यह मौजूद रहे। वहीं साड़ियों में मल्टी कलर कॉम्बिनेशन और पतले बार्डर को काफी पसंद किया जा रहा है। पुरुषों में पठानी सूट का जादू बरकरार है। बरामदा में ज्वैलरी शॉप संचालक मोहम्मद रफीक ने बताया कि ज्वैलरी में एक साइड इयर कफ, साइड पेनडेंट नेकलेस और राजस्थानी लुक वाले चौड़े-चौड़े ब्रिस्लेट मॉर्केट में छाए हुए हैं।
इंटीरियर को नया लुक देने के लिए दो रंगों के कॉम्बिनेशन में डबल पर्दे, नेट के सोफे कवर, अलग-अलग डिजाइन और आकार के कुशंस की खूब खरीदारी हो रही है। इसके साथ ही सजावटी सामानों और बर्तनों की एक से बढ़ एक डिजाइन और वैरायटी से बाजार भरे पड़े हैं। चौक में फुटपाथ पर बर्तनों की दुकान लगाने वाले आसिफ और फुटवेयर बेचने वाले असलम ने बताया कि एक महीने में दो से तीन महीने के बराबर की कमाई हो जाएगी। रमजान में अल्लाह की रहमत उन पर भी बरसी है। वे भी अपने परिवार के साथ ईद हंसी-खुशी मना सकेंगे।