सिविल लाइंस बस स्टेशन पर अगर ओमेक्स एमजी मार्ग साइड काम करती है तो नवाब युसूफ रोड साइड से बस का संचालन होगा। अगर कंपनी ने नवाब युसूफ रोड पर काम की शुरुआत की तो बसें एमजी मार्ग साइड से संचालित की जाएंगी। इस दौरान बसों की पार्किंग वर्कशॉप में ही होगी। रवानगी के 30 मिनट पूर्व बसें वर्कशॉप से सिविल लाइंस बस स्टेशन भेजी जाएंगी। उन्होंने कहा कि अभी इस संबंध में अंतिम फैसला नहीं हुआ है। अगले 15 दिन में इस पर अंतिम निर्णय हो जाएगा।
बता दें कि इस संबंध में निगम की अपर प्रबंधक निदेशक अन्नपूर्णा गर्ग की ओर से एक पत्र जारी किया है। उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक को संबोधित पत्र में बसों के वैकल्पिक संचालन की बात कही है। यह भी कहा है कि दो माह के भीतर ओमेक्स कंपनी को कार्य करने की अनुमति दे दी जाए।
तीन अन्य स्थानों से भी बस संचालन की तैयारी
सिविल लाइंस बस स्टेशन से अगर किन्हीं कारणों से पुनर्विकास कार्य के दौरान बस संचालन में कोई बाधा आती है तो उसके लिए भी रोडवेज ने वैकल्पिक व्यवस्था करने की तैयारी की है। इसके लिए माघ मेला फार्मूला का सहारा रोडवेज लेगा। इस दौरान वाराणसी और आजमगढ़ रूट के लिए परेड मैदान से, प्रिंटिंग कालेज तेलियरगंज से लखनऊ, बरेली और अयोध्या रूट एवं सिविल लाइंस बस स्टेशन से सिर्फ सैनी, खागा, कानपुर और दिल्ली रूट पर बसें संचालित की जा सकती हैं। हालांकि इस व्यवस्था से यात्रियों को परेशानी हो सकती है और रोडवेज को संबंधित स्थानों पर यात्री शेड, पानी आदि का भी इंतजाम करना होगा। ऐसे में इस पर सहमति बनने की गुंजाइश कम है।
149 करोड़ रुपये में सिविल लाइंस बस स्टेशन का पुनर्विकास होना है। इसका कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। पुनर्विकास कार्य के दौरान आधे बस स्टेशन से बसों का संचालन करने की तैयारी है। - एमके त्रिवेदी, क्षेत्रीय प्रबंधक, प्रयागराज रीजन, यूपी रोडवेज।