गांव औनपुरा में लाखों की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
नवाबगंज (ब्यूरो)। बदमाशों ने नवाबगंज इलाके में टिकरी दर्जियान गांव के सामने तमंचा सटाकर बाइक समेत गहने और नगदी लूट ली। बाइक की डिग्गी में करीब साढ़े चार लाख रुपये के आभूषण और 70 हजार रुपये नगद था। कारोबारी से घटना की जानकारी पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर जानकारी लेने के बाद अपराधियों की तलाश शुरू की। हालांकि बृहस्पतिवार शाम तक पुलिस लुटेरों के बारे में जानकारी नहीं जुटा सकी थी।
नवाबगंज में पयागीपुर गांव निवासी शारदा प्रसाद पटेल की हथिगहां चौराहे पर आभूषणों की दुकान है। बुधवार देर शाम दुकान बंद करने के बाद शारदा प्रसाद बाइक पर घर लौट रहा था। वह टिकरी दर्जियान गांव के पास पहुंचा तभी पीछे से पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोका और तमंचा सटाकर शारदा प्रसाद को बाइक से धकेल दिया। सराफा कारोबारी के गिरते बदमाशों ने उसकी बाइक लेकर भाग गए। बाइक की डिग्गी में चार किलो चांदी, डेढ़ सौ ग्राम सोने के जेवरात तथा 70 हजार रुपये नगद थे। घटना की जानकारी पाकर नवाबगंज थानाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने चौतरफा नाका लगाकर बदमाशों की तलाश की लेकिन वे हाथ नहीं आए। भुक्तभोगी शारदा की ओर से आभूषण, बाइक और नगदी लूट का केस लिखा गया। नगदी, गहने और बाइक समेत बदमाशों ने लगभग साढ़े पांच लाख रुपये की लूट अंजाम दी। देर रात एसपी गंगापार और सीओ सोरांव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने भी सराफा कारोबारी से लूट के बारे में विस्तार से बात की। चार संदिग्ध लुटेरों को पकड़ा गया है।