महेन्द्र गोयल वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल
संगम नगरी के सराफा बाजार में 1 नवंबर से पुष्य नक्षत्र के साथ ग्राहकों की रौनक बढ़ेगी। इस दिन करीब 100 करोड़ रुपये की खरीदारी होने का अनुमान है। जानकारों का मानना है कि 1 नवंबर से एक सप्ताह तक सराफा बाजार में अच्छी चमक रहेगी।
सराफा कारोबारियों को इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक धनवर्षा की उम्मीद है। पुष्य नक्षत्र, छोटी दिवाली और धनतेरस जैसे त्योहारों पर बाजार गुलजार होगा। जिले में शहर और ग्रामीण अंचल मिलाकर करीब 1500 सराफा कारोबारी हैं। ज्योतिषाचार्य स्वामी परमहंस प्रभाकर के अनुसार, 1 नवंबर को पुष्य नक्षत्र धनवर्षा कराने वाला योग है।
यह सोना-चांदी सहित अन्य बिजली के सामान खरीदने के लिए उपयुक्त है। महंगाई के इस दौर में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सराफा कारोबारी नए-नए आभूषण पेश कर रहे हैं। वे हल्के आभूषण, पारंपरिक गहनों, सिक्कों और गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां ग्राहकों को दिखा कर लुभा रहे हैं।
सोना-चांदी सस्ता होने की लालच में ग्राहक शुभ तिथियों के लिए बुकिंग भी करा रहे हैं। नवरात्र से सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के बाद बाजार में रौनक बढ़ी थी। सुनेहरी गोल्ड एंड डायमंड्स के संचालक संजय गुप्ता ने 1 नवंबर से 100 करोड़ रुपये से ऊपर के कारोबार का अनुमान जताया।
मनमोहन ज्वैलर्स के नीरज मल्होत्रा ने बताया कि नवरात्र के बाद सोने-चांदी के भाव में कमी से बाजार में रौनक लौटी है। शुक्रवार को एक किलो चांदी एक लाख 90 हजार रुपये और 24 कैरेट सोना एक लाख 44 हजार रुपये रहा। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र गोयल ने भी प्रमुख पर्वों पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद जताई।