पुलिस से बेखौफ बाइक सवार तीन बदमाशों ने कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह के रिश्तेदार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, तीन गोलियां लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। हालत डाक्टरों ने उन्हें प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस प्रथमदृष्टया घटना को रंजिश से जोड़ रही है।
अंतू थाना क्षेत्र के पूरबगांव कोट निवासी सर्वेश सिंह उर्फ विक्की सिंह (35) पुत्र कुंवर बहादुर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह का किठावर बाजार में कपड़े का शोरूम है। सोमवार की सुबह सर्वेश बाइक से अमेठी के संग्रामपुर स्थित मां कालिका देवी के दर्शन करने गए थे।
दर्शन करने के बाद वह बाइक से ही घर लौट रहे थे। करीब साढ़े दस बजे अमेठी व जनपद की सीमा पर पहुंचे। इस बीच उनके पीछे बाइक सवार तीन बदमाश लग गए। पश्चिम गांव के निकट पहुंचते ही बदमाश उनके ऊपर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे।
दो गोलियां सिर को छूते निकल गईं, जबकि तीन गोलियां उनकी पीठ, पेट व हाथ में लगीं। हमलावर संग्रामपुर की ओर भाग निकले। सूचना मिलने के बाद परिजन घायल सर्वेश को उपचार के लिए लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया।
अस्पताल पहुंचे एसपी अभिषेक सिंह ने घायल सर्वेश के परिजनों से बातचीत के बाद मातहतों को अंतू घटनास्थल पर भेजा। कुछ देर बाद एसपी खुद दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन करते रहे। सर्वेश के चचेरे भाई आईआरएस शिशिर सोमवंशी की शादी कैबिनेट मंत्री मोती सिंह की बेटी के साथ हुई है।
मंत्री के रिश्तेदार को गोली मारने की खबर पर अमेठी व प्रतापगढ़ की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की खोजबीन में जुट गई। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना रंजिश की लग रही है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं।
किठावर बाजार में बदमाशों की गोली से घायल कैबिनेट मंत्री के रिश्तेदार सर्वेश सिंह का जिला अस्पता?- फोटो : PRATAPGARH
ठिावर बाजार में बदमाशों की गोली से घायल कैबिनेट मंत्री के रिश्तेदार सर्वेश सिंह का जिला अस्पताल ?- फोटो : PRATAPGARH