प्रयागराज। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने बीटीसी प्रशिक्षण 2013, 2014, 2015 सेवारत उर्दू, मृतक आश्रित एवं डीएलएड प्रशिक्षण-2017 चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन 18 से 25 अक्तूबर के बीच पूरा करने को कहा है। परीक्षा 14 से 16 नवंबर के बीच होगी। सचिव ने संबंधित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) को अभ्यर्थियों के आवेदन पूरे करवाने का निर्देश दिया है।
सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी की ओर से जारी सूचना में बीटीसी प्रशिक्षण 2013, 2014, 2015 सेवारत उर्दू, मृतक आश्रित एवं डीएलएड प्रशिक्षण-2017 चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 14 नवंबर से शुरू होगी। आरंभिक स्तर पर भाषा एवं गणित के पठन-लेखन क्षमता के विकास और शैक्षिक प्रबंधन की परीक्षा होगी। 15 नवंबर को विज्ञान, गणित एवं सामाजिक अध्ययन की परीक्षा, जबकि 16 नवंबर को हिंदी, अंग्रेजी, शांति शिक्षा एवं सतत विकास के प्रश्नपत्र की परीक्षा होगी।