जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) का सीयूजी मोबाइल नंबर साइबर ठगों ने हैक कर लिया। साइबर अपराधियों ने सामान डिलीवरी के नाम पर फोन कर एक कोड डायल करवाया, जिसके बाद बीएसए का सीयूजी मोबाइल नंबर हैक हो गया और उससे कई लोगों को रुपये मांगने के संदेश भेजे गए। सोमवार दोपहर बीएसए कार्यालय के लिए आवंटित सीयूजी मोबाइल नंबर पर दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को शिपमेंट डिलीवरी से जुड़ा बताते हुए कहा कि कार्यालय के लिए सामग्री भेजी गई है और पते के सत्यापन के लिए कोड वर्ड डायल करवाया। जैसे ही उक्त कोड डायल किया गया, मोबाइल नंबर का नियंत्रण साइबर ठगों के हाथ में चला गया। इसके बाद उसी नंबर से कई लोगों को मदद के नाम पर संदेश भेजे जाने लगे।