सर्दी में उच्च रक्त चाप और मधुमेह की वजह से कल्पवासियों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उनका बीपी और शुगर सामान्य रहे, निरंतर उनकी जांच होती रहे इसके लिए महाकुंभ में 100 से ज्यादा मेडिकल गाइड तैनात किए जाएंगे। कल्पवासियों के साथ बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की जांच मेले में सिर्फ एक रुपये में होगी।
छावनी सामान्य अस्पताल और सन राइज सोसाइटी ऑफ वूमेन डेवलपमेंट मिलकर मेडिकल गाइड तैनात करेंगे। मेले के सभी 23 सेक्टरों में चार मेडिकल गाइड तैनात होंगे। उन्हें दो-दो सदस्यों में बांटा जाएगा। इसमें एक नर्सिंग स्टाफ और एक फार्मासिस्ट होंगे। जो शिविरों में जाकर श्रद्धालुओं, कल्पवासियों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की बीपी और शुगर की जांच करेंगे। अगर उनका बीपी और शुगर अनियंत्रित होता है तो तुरंत सेक्टर अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
जांच मशीनों की खरीद सीएसआर फंड (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) से हुई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों का कहना है सर्दी के मौसम में कई प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में अगर बीपी व शुगर की जांच नियमित रूप से की जाए कई बीमारियों से बचा जा सकता है। कहा कि कल्पवासियों में बीपी व शुगर की समस्या होती है तो उनका सेक्टर अस्पताल में इलाज कराया जाएगा।
आज से अभियान शुरू करेंगे मेडिकल गाइड
बृहस्पतिवार से मेडिकल गाइड के अभियान की शुरुआत मेला क्षेत्र के पुलिस लाइन से होगी। इस दौरान मेले में तैनात सभी पुलिस कर्मियों के बीपी व शुगर की जांच की जाएगी।
भाषा नहीं बनेगी बाधा, लैंग्वेज ट्रांसलेटर करेगा मदद
महाकुंभ के दौरान देश के कोने-कोने से श्रद्धालु आएंगे। उनके इलाज के दौरान भाषा बाधा न बने, इसके लिए मेडिकल गाइड के पास मौजूद एक टैब में गूगल लैंग्वेज ट्रांसलेटर इंस्टॉल रहेगा। जो किसी भी भाषा को हिंदी व अंग्रेजी में बदलेगा। जबकि डॉक्टर जो बोलेंगे श्रद्धालु उसे स्थानीय भाषा में समझ सकेंगे।
सर्दी के मौसम में उच्च रक्तचाप और शुगर का खतरा अधिक बढ़ जाता है। ऐसे में नियमित जांच ही लोग खतरे से बच सकते हैं। - डॉ. अभिषेक सचदेवा, ह्रदय रोग विशेषज्ञ, एसआरएन अस्पताल।
मेडिकल गाइड की तैनाती मेला क्षेत्र में एक सामाजिक संस्था के साथ मिलकर की जा रही है। यह मात्र एक रुपये में लोगों के बीपी व शुगर की जांच करेंगे। यह अभियान 26 फरवरी तक चलेगा। - एके पांडेय, निदेशक, छावनी सामान्य अस्पताल