-19 दिन पहले अरैल में मिली थी लाश, खुल्दाबाद का था युवक
प्रयागराज। खुल्दाबाद निवासी मनीष केसरवानी की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में प्रेमिका समेत तीन पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। घरवालों का आरोप है कि प्रेमिका के कहने पर उसके मंगेतर ने हत्या के बाद शव को नदी में फेंक दिया था। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
नुरुल्ला रोड निवासी मनीष केसरवानी एक जुलाई की रात लापता हो गया था। दो जुलाई को पुलिस को रात में एक बजे के करीब मनीष की बाइक व हेलमेट नए पुल पर लावारिस हाल में मिली। हेलमेट पर खून के छींटे थे। तीन जुलाई की सुबह आठ बजे उसका शव अरैल में मिला। भाई विनय ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि मनीष का कौशाम्बी के मनौरी निवासी युवती से प्रेम संबंध था लेकिन, उसके घरवालों ने उसका रिश्ता कहीं और तय कर दिया।
आरोप है कि भाई के दबाव देने पर युवती ने अपने मंगेतर रमेश केसरवानी व उसके साथियों से मनीष की हत्या करवा दी और फिर उसका शव नदी में फेंकवा दिया। खुल्दाबाद इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की बात सामने आई थी। फिलहाल तहरीर के आधार पर युवती, उसके भाई व मंगेतर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।