मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर सक्षम शर्मा की गोली मारकर हत्या करने के मामले में अहम खुलासा हुआ है।
आरोपी विमल पंडा और आकाश अरोड़ा उर्फ भोला पंजाबी ने मिलकर एक ही पिस्टल से सक्षम पर फायरिंग की थी।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी विमल और आकाश पूरी योजना के साथ समक्ष की हत्या करने पहुंचे थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए। उन्होंने अपने घर के पास स्कूटी खड़ी की और भाग निकले। पुलिस को जैसे ही दोनों आरोपियों का पता चला तुरंत घेराबंदी कर दोनों को मुट्ठीगंज एरिया से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, विमल पंडा पर दस एफआईआर दर्ज है। वह हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा है और उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी है। आकाश अप्रैल महीने में जमानत पर जेल से बाहर आया था। हत्या की वारदात के बाद मुट्ठीगंज पुलिस ने सक्षम की मां अंजु शर्मा की तहरीर पर विमल पंडा, उसकी पत्नी शुभि शर्मा, भाई कमल शर्मा, आकाश अरोड़ा उर्फ भोला पंजाबी और लल्लू धुरिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अब तक तीन आरोपी शुभि शर्मा, कमल शर्मा और लल्लू धुरिया फरार चल रहे हैं।
एसीपी निकिता श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में पता चला कि दोनों ने एक पिस्टल से सक्षम को गोली मारी थी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।
मुट्ठीगंज थाना प्रभारी हटाए गए, आरोपियों को कोर्ट में किया पेश
वारदात के बाद मुट्ठीगंज थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह को थाने से हटाकर सुलेमसराय भेज दिया गया है। चर्चा हैकि यह फैसला उनके खिलाफ शिकायत प्राप्त होने के बाद लिया गया है। दूसरी ओर शुक्रवार को दोनों आरोपियों को जिला न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।