औद्योगिक क्षेत्र के मियां का पूरा गांव में शनिवार रात ग्राम प्रधान के घर के सामने शराब ठेकेदार को बम-गोलियों से हमलाकर मौत के घाट उतार दिया गया। वह पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिलीप मिश्रा का करीबी बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश दी लेकिन हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि मृतक पर भी विभिन्न थानों में आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
औद्योगिक क्षेत्र के मिया का पूरा के चक पूरे मिया खुर्द गांव निवासी नवनीत मिश्रा (38) पुत्र महेश नारायण मिश्रा उर्फ लल्लन मिश्रा चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। दो भाई दिल्ली में काम करते हैं। जबकि नवनीत का आईटीआई, नैनी के पास भांग का सरकारी ठेका है। इससे पहले वह चाका के पूर्व ब्लाक प्रमुख दिलीप मिश्रा के साथ रहता था।
बताया जा रहा है कि नवनीत के रिश्तेदार गोपाल मिश्रा का सड़वा में शराब का ठेका है। जहां नवनीत भी बैठता था। शनिवार शाम वह वहीं से वापस घर जा रहा था। रात में करीब आठ बजे वह मसिका रेलवे क्रासिंग से 100 मीटर आगे पुरुषोत्तम इंटर कालेज के पास अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान बाइक से आए दो युवकों ने तीन गोलियां उसके सीने में उतार दीं। साथ ही बम से भी हमला किया। फायरिंग व बमबाजी से वहां दहशत फैल गई। इसके बाद हमलावर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजन एसआरएन अस्पताल ले गए लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रुपयों को लेकर हुआ था परिचित से विवाद
पुलिस के रिकार्ड के मुताबिक नवनीत पर आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले पंजीकृत हैं, जिसमें चार साल पहले दर्ज रेप का भी एक मामला था। उस मामले में वह साल भर जेल में भी बंद रहा। उधर पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह बात भी सामने आई है कि उसने पिछले पंचायत चुनाव में औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गांव में रहने वाले अपने परिचित को चुनाव लड़ाया था जिसे जीत भी हासिल हुई थी। उसमें नवनीत ने काफी पैसे भी खर्च किए थे। हालांकि कुछ समय पहले दोनों के बीच रुपयों को लेकर विवाद भी हुआ था। घरवाले भी इसी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। इंस्पेक्टर औद्योगिक क्षेत्र महेश सिंह ने बताया कि एक गांव के प्रधान पर आरोप लगाया जा रहा है। फिलहाल लेनदेन का ही विवाद सामने आया है। जांच पड़ताल की जा रही है।