Bombing in restaurant in Alopibagh
प्रयागराज। दारागंज थाना क्षेत्र के अलोपीबाग इलाके में मंगलवार की रात एक रेस्टोरेंट पर बमों से हमला किया। घटना में दुकान के शीशे टूट गए। दरवाजों को भी काफी नुकसान पहुंचा। बमबाजी से इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस पहुंच गई। दो बम फटे नहीं थे जिन्हें बम डिस्पोजल स्क्वायड बुलाकर निष्क्रिय किया गया। दुकानदार ने दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी है जिनका सोमवार की रात खाने के बिल को लेकर विवाद हुआ था।
अलोपीबाग के रहने वाले विशाल गुप्ता का जीटी जवाहर चौराहे पर श्रीराम मिष्ठान और भोजनालय है। मंगलवार की रात दुकान पर अचानक बमबाजी होने लगी। हालांकि दुकान के काउंटर पर उस वक्त कोई नहीं था। सभी लोग अंदर थे। बमबाजी से काउंटर और दरवाजों के शीशे टूट गए। अंदर विशाल तथा अन्य लोग सहम कर छुप गए। आस पास के लोगों ने भी तुरंत दुकान बंद कर दी। सूचना पर इंस्पेक्टर जेपी शाही तथा अन्य लोग पहुंच गए। दो बम दुकान के अंदर गिरे थे लेकिन फटे नहीं थे। इस कारण तुरंत बम डिस्पोजल स्क्वायड बुलाया गया। दोनों बमों को निष्क्रिय कर दिया गया।
इंस्पेक्टर दारागंज ने बताया कि बमबाजी अलोपीबाग ओवरब्रिज के ऊपर से की गई। हमलावर वहीं से भाग निकले। दुकानदार विशाल ने तहरीर दी कि सहसों का रहने प्रिंस मिश्रा सोमवार को कुछ लड़कों के साथ आया था। सभी ने खाना खाया फिर बिल को लेकर विवाद किया। वे धमकी देते हुए भाग निकले थे। प्रिंस उससे पहले भी कई बार फ्री में खाने को लेकर विवाद कर चुका है। एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि प्रिंस मिश्रा तथा उसके दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस की एक टीम दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।