मध्य प्रदेश के अनूपपुर के रहने वाले थे सौरभ
सौरभ पुत्र सुखराम अहिरवार मूलरूप से मध्य प्रदेश के अनूपपुर के रहने वाले थे। वह बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस स्थित त्वचा विज्ञान विभाग में जूनियर रेजीडेंट तैनात थे। उनेके साथी डॉ.कपिलदेव शर्मा निवासी पुराल उत्तरकाशी, उत्तराखंड ने बताया कि सौरभ ने शुक्रवार रात 11 बजे के करीब घरवालों को एक रिकाॅर्डेड ऑडियो भेजा। इसमें वह यह कहते हुए सुनाई दिए कि उसने अपनी बाइक प्रयागराज स्थित नए यमुना पुल पर छोड़ दी है और वह पुल से नदी में कूदकर जान देने जा रहा है।
यह सुनकर घरवाले घबरा गए और उसके कपिल समेत अन्य दोस्तों को सूचना दी। इसके बाद फोन से बताया गया तो नैनी पुलिस नए यमुना पुल पर पहुंची। यहां पूर्व में बने टोल टैक्स बूथ के पास एक यमाहा एफजेड बाइक लावारिस हालत में मिली। घरवालों को जानकारी दी गई तो पता चला कि वह सौरभ की ही बाइक है। रात में ही खोजबीन की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
देर रात उसके तीन दोस्त भी वाराणसी से आ गए। शुक्रवार सुबह एक बार फिर खोजबीन शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के इलाकों तो जल पुलिस ने यमुना नदी में तलाश शुरू की। जल पुलिस की टीम ने नैनी से दारागंज, छतनाग, लवायन, फाफामऊ तक सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन कुछ पता नहीं चला। शाम को अंधेरा होने पर खोजबीन रोक दी गई।
कभी कोई परेशानी की बात नहीं बताई
दोस्त की तलाश में वाराणसी से आए तीन मेडिकल छात्रों में कपिल के अलावा यशवंत कुमार रेड्डी व राजकुमार मीणा भी शामिल रहे। यशवंत ने बताया कि सौरभ ने कभी किसी तरह की परेशानी की बात नहीं बताई। पढ़ाई-लिखाई को लेकर भी कोई परेशानी नहीं थी। ऐसे में वह भी नहीं समझ पा रहा है कि ऐसा कैसे हो गया। उसने यह भी बताया कि सौरभ कब हॉस्टल से निकला, इस बारे में भी किसी को नहीं पता चल सका। रात में जब घरवालों का फोन आया, तब सभी को जानकारी हुई।
एक दिन पहले निकला था वाराणसी से
पुलिस के मुताबिक दोस्तों ने यह भी बताया कि सौरभ एक दिन पहले वाराणसी से निकला था। 13 की रात हॉस्टल में रहने वाले दोस्तों से हेलमेट मांगा था। पूछने पर कहा, कुछ काम से जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मौके पर बाइक मिली है, लेकिन मोबाइल नहीं मिला।