मऊआइमा- मृतक नन्द लाल की फाइल फोटो
सुल्तानपुर खास गांव से एक दिन पूर्व लापता हुए 63 वर्षीय बुजुर्ग का शव सोमवार देर शाम गांव के पास तालाब में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर खास निवासी नन्दलाल गौतम (63) शनिवार रात करीब नौ बजे घर से अचानक लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। सोमवार को उनके छोटे पुत्र राजेश कुमार ने मऊआइमा थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। देर शाम बालगोविंद डिग्री कॉलेज के पास स्थित तालाब में उनका शव उतराता दिखाई दिया। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी लखखी देवी, पुत्र राजेश कुमार व राकेश कुमार तथा पुत्रियां संगीता देवी, मनीषा देवी और निशा देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
तालाब में उतराया मिला युवक का शव
भीटी गांव के किनारे स्थित तालाब में सोमवार दोपहर 40 वर्षीय युवक का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी दिनेश सरोज के रूप में हुई। दिनेश सरोज की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजनों ने बताया कि वह 10 नवंबर को घर से लापता हो गया था। सोमवार दोपहर भैंस चरा रहे लोगों ने तालाब में शव देखा।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गया है। थाना प्रभारी आनापुर पंकज अवस्थी ने बताया कि मृतक के शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मऊआइमा- मृतक नन्द लाल की फाइल फोटो