गीज गांव के खदान में डूबे मृतक राजाबाबू की फाइल फोटो
थाना क्षेत्र के गींज गांव में सोमवार शाम खदान में भरे पानी में नहाने गया छह वर्षीय मासूम डूब गया। मंगलवार को सुबह करीब 16 घंटे के बाद उसका शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गींज गांव निवासी संजय उर्फ कृष्णा का छह वर्षीय बेटा राजा बाबू अपने साथियों के साथ गांव के बाहर खदान में भरे पानी में नहाने गया था। काफी समय तक वह घर नहीं आया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। ग्राम प्रधान राम गुलाब आदिवासी ने पुलिस को सूचना दी। इस दाैरान एसीपी वेद व्यास मिश्रा और इंस्पेक्टर बारा सुभाष यादव खोजबीन में जुट गए।
कुछ देर में खदान के किनारे उसका कपड़ा मिला, लेकिन अंधेरा होने के कारण टीम लौट आई। मंगलवार को गोताखोर ने मासूम को तलाश लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था।इंस्पेक्टर बारा का कहना है कि प्रथम दृष्टया डूबने से मौत का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।