थरवई थाना क्षेत्र के कटियाही गांव में रविवार को मासूम भाई-बहन के शव तालाब के पास मिले। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में फोर्स तैनात करनी पड़ी। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
उतराव थाना क्षेत्र के सराय इस्माइल गांव निवासी अवधेश कुमार यादव अपनी ससुराल कटियाही गांव में परिवार सहित रहते हैं। रविवार सुबह उनकी बेटी मधु (11) और बेटा सचिन (9) गांव के तालाब की ओर गए थे। कुछ देर बाद दोनों के शव तालाब के बाहर पड़े होने की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि गांव के जगदीश कुमार कहार और उनके पुत्र संतोष कुमार, कल्लू व ननकू ने बच्चों की पिटाई करने के बाद दोनों को तालाब में फेंक दिया। मौत होने के बाद शव बाहर निकालकर आरोपी मौके से फरार हो गए। अवधेश का दावा है कि उनका चचेरे साला शिवमंगल ने आरोपियों को बच्चों को मारते और तालाब में फेंकते हुए देखा था।
उधर, बताया जा रहा है कि आरोपियों को ले जाने के दौरान ग्रामीणों पुलिस की गाड़ी पर पत्थर फेंके। बवाल को देखते हुए गंगापार के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मांग थी कि जगदीश कुमार कहार व उनके पुत्र संतोष कुमार, कल्लू, ननकू को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही तालाब को पटवाया जाए।
बाद में पुलिस ने अवधेश यादव की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सभी को हिरासत में ले लिया। क्षेत्र की विधायक गीता पासी, पूर्व विधायक विजय यादव आदि लोगों के समझाने व आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद परिजनों ने शव को उठने दिया। थरवई थाना प्रभारी संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।