धूमनगंज के ट्रांसपोर्टनगर मेें रहने वाली पुलिसकर्मी की बेटी को उसके ही रिश्तेदार ने धोखा दिया। अश्लील फोटो के जरिए ब्लैकमेल किया और शादी भी तोड़वा दी। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ट्रांसपोर्टनगर निवासी पुलिसकर्मी इन दिनों प्रतापगढ़ में तैनात है। उसका आरोप है कि दिल्ली के प्रेमनगर में रहने वाला सचिन द्विवेदी उसका रिश्तेदार है। पहले वह घर आता जाता था और इसी क्रम में घर में आयोजित एक शादी समारोह में भी आया था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी की 25 वर्षीय बेटी की अश्लील तस्वीरें व वीडियो बना लिया।
फिर इनके जरिए उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि एक जगह रिश्ता तय हुआ तो आरोपी ने वरपक्ष के पास अश्लील तस्वीरें भेजकर शादी तोड़वा दी। यही नहीं अब वह सोशल साइटों से ब्लैकमेल करने की धमकी दे रहा है। उसकी करतूतों से बेटी अवसादग्रसित हो गई है। धूमनगंज पुलिस ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।