prayagraj news : जसरा में चुनाव निरस्त करने की मांग को लेकर डीएम से मिलने पहुंचे भाजपा नेता।
- फोटो : prayagraj
जसरा ब्लॉक प्रमुख का चुनाव निरस्त करवाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शनिवार की शाम जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। पार्टी नेताओं का आरोप था कि सपा प्रत्याशी अजीत सिंह के कई मतपत्रों में अलग-अलग नोट निकले। एक मत पत्र में एक पर्ची भी लगी मिली। भाजपाई इस तरह के नौ वोट को निरस्त करने की मांग को लेकर अड़े रहे। इस दौरान सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी, विधायक अजय भारती, दीपक पटेल, विभव नाथ भारती ने डीएम से मुलाकात भी की।
जसरा ब्लॉक से भाजपा प्रत्याशी चंद्र प्रकाश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान नौ ऐसे मतपत्र मिले जिसमें दस रुपये के साथ अन्य नोट लगे हुए थे। उन्होंने ऐसे मतपत्रों को निरस्त करने की मांग संबंधित एआरओ मनोज राव से की। लेकिन उनकी मांग अनसुनी कर दी गई। विधायक बारा को जब यह जानकारी मिली तो वह सांसद रीता बहुगुणा जोशी के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे। वहां सीसीटीवी फुटेज मंगवाईं गई। यमुनापार अध्यक्ष विभव नाथ भारती ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से छह-सात मतपत्रों में नोट लगी देखी गई।
इस बारे में डीएम से बातचीत ही चल रही थी कि एआरओ ने रिजल्ट घोषित कर प्रत्याशी को प्रमाण पत्र दे दिया। विभव नाथ भारती ने बताया कि एआरओ द्वारा रिजल्ट जारी करने में क्यों जल्दबाजी की गई। कहा कि चुनाव परिणाम निरस्त करने की मांग का जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी को सौंपा गया। मीडिया प्रभारी दिलीप चतुर्वेदी ने बताया कि अगर वह नौ वोट निरस्त होते हैं तो भाजपा प्रत्याशी कुल मिले मत के आधार पर चुनाव जीत जाएगा।