फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Phulpur Result: फूलपुर में BJP की हैट्रिक, दीपक ने सपा के मुजतबा को 11305 मतों से हराया, BSP की जमानत जब्त

Sat, 23 Nov 2024 11:18 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज

सार

पहले राउंड में सपा रही आगे, फिर भाजपा ने बनाई बढ़त जो अंत तक कायम रही। 15 से 18 राउंड के बीच अंतर कम देख भाजपा समर्थकों की धड़कनें बढ़ गई थीं।
विज्ञापन
दीपक पटेल - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फूलपुर विधानसभा उपचुनाव जीतने के साथ ही भाजपा यहां हैट्रिक लगाने में सफल रही। पार्टी उम्मीदवार दीपक पटेल ने सपा के मुजतबा सिद्दीकी को 11305 मतों से शिकस्त दी। दीपक के खाते में 78289 मत आए। जबकि, मुजतबा  66984 मत ही पा सके। बसपा के जितेंद्र कुमार सिंह को 20342 वोट मिले और वह जमानत तक नहीं बचा सके।

विज्ञापन


मतगणना के दौरान भाजपा और बसपा एजेंटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें सपा के कई एजेंट भी शामिल रहे। दीपक पटेल व उनके भाई दिनेश की बसपा प्रत्याशी जितेंद्र कुमार सिंह के भाई अनूप सिंह के साथ भी हाथापाई हुई। इसमें इन्हें चोटें भी आई हैं। इससे 20 मिनट तक मतगणना रुकी रही। डीएम की चेतावनी के बाद स्थिति नियंत्रण में आई।

मुंडेरा मंडी परिसर में शनिवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई और नौ बजे तक रुझान आने लगे थे। मुजतबा ने पहले में 352 मतों की लीड बनाई, लेकिन दूसरे राउंड में दीपक पटेल आगे हो गए। छठे और 10वें राउंड में सपा को अधिक वोट मिले, लेकिन मुजतबा दीपक से पीछे ही रहे। इसी तरह से 15 से 18 के बीच हर राउंड में सपा को अधिक वोट मिले, लेकिन भाजपा की लीड बरकरार रही।
विज्ञापन


हालांकि, भाजपा की लीड काफी कम हो गई थी। इससे समर्थकों की धड़कनें बढ़ गई थीं। हालांकि, इसके बाद सिर्फ एक राउंड रहा जब सपा उम्मीदवार को अधिक वोट मिले। अन्यथा, दीपक पटेल की लीड बढ़ती ही गई और 78289 वोट हासिल कर 11305 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

भाजपा के प्रवीण पटेल ने 2017 और 2022 में लगातार दो बार जीत हासिल की थी। इस तरह से इस सीट पर भाजपा लगातार तीसरी जीत हासिल करने में सफल रही। वहीं, सपा के मुजतबा सिद्दीकी की इस सीट पर लगातार दूसरी बार हार हुई है। 2022 के विधानसभा चुनाव में वह भी सपा टिकट पर चुनाव लड़े थे। उन्हें प्रवीण पटेल ने 2732 मतों के अंतर से हराया था। 

आजाद समाज पार्टी के साहिद खां 4449 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहे। वहीं, कांग्रेस से बगावत करके चुनाव लड़ने वाले सुरेश चंद्र यादव को मात्र 1389 वोट मिले। अपना दल कमेरावादी के दिलीप कुमार को मात्र 1068 वोट मिले। चुनाव में कुल 1,77,535 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें से 260 वोट पोस्टल से पड़े। इनमें से 21 वोट निरस्त हो गए। इस तरह से कुल 1,77,514 वैध वोट पड़े। 

भाजपा और बसपा अभिकर्ताओं के बीच मारपीट की घटना को छोड़कर मतगणना शांतिपूर्वक ढंग से हुई। हालांकि, भाजपा के समर्थन में बीच-बीच में नारेबाजी होती रही। मतगणना के दौरान प्रेक्षक भी मौजूद रहीं। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़, डीसीपी गंगापार अभिषेक भारती समेत अन्य भ्रमण करते रहे। मतगणना के दौरान स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास के साथ मुंडेरा मंडी परिसर के बाहर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें