prayagraj news : जिला पंचायत कार्यालय, प्रयागराज।
- फोटो : prayagraj
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी द्वारा पिछड़ी जाति का प्रत्याशी घोषित करने के बाद भाजपा में भी इस पद के लिए प्रत्याशियों ने जोर आजमाइश करनी शुरू कर दी है। सपा द्वारा महिला प्रत्याशी को मैदान में खड़ा करने के बाद भाजपा में अब सामान्य जाति के नेता को ही प्रत्याशी बनाने की बात कही जा रही है। स्थानीय सांसदों, विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों से भी पार्टी इस बारे में राय मशवरा कर रही है।
इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा, सपा समेत किसी भी दल के पास अभी तक 43 प्रत्याशियों का समर्थन नहीं है। पिछले सप्ताह डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मोजूदगी में 15 जिला पंचायत सदस्यों ने भाजपा ज्वाइन की, लेकिन इसके बाद भी पार्टी के पास अभी 29 सदस्य ही है। इस बीच समाजवादी पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया। पिछड़ी जाति की महिला प्रत्याशी का नाम घोषित होने के बाद अब भाजपा में चर्चा इस बात की चल रही है कि पार्टी सामान्य जाति के उम्मीदवार को अपना प्रत्याशी बनाएगी।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के पुत्र योगेश मौर्य के विवाह के बाद भाजपा प्रयागराज में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का नाम जारी कर देगी। दरअसल डिप्टी सीएम के पुत्र का विवाह शुक्रवार को ही रायबरेली में हो रहा है। विवाह समारोह होने के बाद प्रयागराज में डिप्टी सीएम अगले एक सप्ताह के भीतर सांसद और विधायकों से राय मशवरा के बाद अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित कर सकते हैं। इस दौरान जिला पंचायत के कुछ और सदस्य भी भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक गंगापार से डा. वीके सिंह, यमुनापार से रेखा सिंह आदि का नाम अध्यक्ष पद के लिए चल रहा है। यमुनापार से पार्टी के एक गुट ने नीलम पटेल आदि का नाम भी उछाला है।