पूर्व मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और उनकी पत्नी एवं महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी के भाजपा में शामिल हो जाने के बाद इलाहाबाद में दिन भर विधानसभा चुनाव के संभावित प्रत्याशियों के नामों का बाजार गर्म रहा। इलाहाबाद से भाजपा किसे उम्मीदवार बना रही है उसे लेकर पार्टी नेताओं की ओर से ही संभावित प्रत्याशियों के नाम हवा में तैरते रहे। पहले चर्चा थी कि शुक्रवार की शाम तक उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो जाएंगे, लेकिन अब कहा जा रहा है कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व शनिवार को इलाहाबाद जिले की सभी विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकता है।
नंदी और उनकी पत्नी के पार्टी में शामिल होने के बाद चर्चा रही कि दोनों में से किसी एक को पार्टी इलाहाबाद दक्षिणी विधानसभा से उम्मीदवार बना सकती है। इसी तरह इलाहाबाद उत्तरी विधानसभा से हर्षवर्धन बाजपेयी का नाम चर्चा में रहा, जबकि पश्चिमी विधानसभा सीट से ऐसा नाम सामने आया जिसे सुनकर अधिकांश लोग चौंक गए। यहां भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह को पार्टी का संभावित प्रत्याशी बनाए जाने की बात सामने आई। इसी तरह करछना विधानसभा सीट से सुबोध सिंह तो फूलपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक प्रवीण पटेल के नाम की चर्चा रही।
कोरांव से तुलसीदास राणा तो मेजा से कलक्टर पांडेय और नीलम करवारिया का नाम आज सुर्खियों में रहा। हवा में शुक्रवार को जो नाम तैरते रहे उसमें से अधिकांश पैराशूट प्रत्याशी ही रहे जो तमाम दल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। पार्टी का एक तबका यह भी प्रचारित करता रहा कि हंडिया विधानसभा से पूर्व मंत्री राकेशधर त्रिपाठी पर भाजपा दांव लगा सकती है। चर्चा यह भी रही कि राकेशधर ने शनिवार को पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की है। इसी तरह फाफामऊ से विक्रमादित्य मौर्य का नाम भी संभावित प्रत्याशियों में बताया गया। हालांकि पार्टी नेताओं ने इसमें से किसी भी प्रत्याशी को टिकट दिए जाने की पुष्टि नहीं की है।