थाना क्षेत्र अंतर्गत छिवकी रेलवे स्टेशन के पास बने दुबराजपुर ओवरब्रिज में बुधवार रात दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। जबकि दूसरे बाइक सवार को स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत तेंदुआवन गांव निवासी द्वारिकानाथ मिश्रा का बेटा मधुकर मिश्र (23) पुरोहित था। बुधवार रात को वह अपनी बाइक से नैनी से तेंदुआवन अपने गांव जा रहा था। जैसे ही वह दुबराजपुर ओवरब्रिज पर पहुंचा कि नैनी की ओर से आ रही बाइक से आमने सामने भिड़ंत हो गई।
इस दौरान वहां से गुजर रहे गांव के एक युवक ने इसकी सूचना मधुकर के परिजनों को दी। सूचना पाकर पहुंचे परिजन उसे शहर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने दूसरे बाइक सवार को चाका सीएचसी ले गई। यहां से उसे एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन मधुकर को बृहस्पतिवार दोपहर पीजीआई लखनऊ लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। वहीं दूूसरा बाइक सवार घूरपुर थाना क्षेत्र के खंटगिया गांव निवासी बताया जा रहा है।