कोरांव थाना क्षेत्र के टीकर गांव में रत्योरा सुभाष संपर्क मार्ग पर टीकर रजबहा पर बनी पुलिया से एक ही बाइक पर सवार तीन लोग टकरा गए। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रविवार शिवरात्रि के दिन शाम 7 बजे के करीब हुआ। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक व घायल दोनों ममेरे भाइयों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले आई। जहां से चिकित्सकों ने घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जबकि बाइक चला रहे नंदकुमार (30)पुत्र श्याम जी सिंह को मृतक घोषित कर दिया।
नंद कुमार पुत्र श्याम जी सिंह निवासी चांदी थाना कोरांव कुट्टी व भूसा बेचने का व्यवसाय करते हैं। वे कोरांव थाना क्षेत्र के बड़ोखरा गांव में रविवार को पुआल की कुट्टी कटवाने गए थे। वहां से एक ही बाइक पर अपने ममेरे भाई मनोज पुत्र चंदे सिंह व दुर्गेश पुत्र राजू सिंह निवासी चांदी थाना कोरांव के साथ घर लौट रहे थे। तीनों एक ही बाइक से कोरांव थाना क्षेत्र के टीकर गांव में टीकर रजबहा पर बनी पुलिया के पास पहुंचे थे कि अनियंत्रित होकर बाइक पुलिया से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे नंदकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठे दोनों ममेरे भाई घायल हो गए।
थाना प्रभारी कोरांव राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाइक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक नंद कुमार दो भाइयों में बड़ा था। जिनके दो पुत्र विकास व आकाश हैं। हादसे को लेकर मृतक पत्नी कविता व माता शिव कुमारी समेत अन्य परिजनों में शोक व्याप्त है।