सोरांव थाना क्षेत्र के कमलानगर बिगाहियां मार्ग पर बीरापुर गांव के पास बुधवार की रात करीब 10 बजे एक अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
बजाही बंतरिया थाना बहरिया निवासी सुशील कुमार यादव (40) अपने छह भाइयों में दूसरे नंबर का था। कीटगंज में स्थित अपनी मिठाई की दुकान को बंद करके रोज की तरह बुधवार को भी बाइक से अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह सोरांव थाना क्षेत्र के बीरापुर गांव के पास पहुंचा, तभी कमलानगर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सोरांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई सुनित यादव ने सोरांव थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस घटना के आसपास लगे सीसीटीवी के सहारे वाहन की जांच-पड़ताल कर रही है। वहीं मृतक की पत्नी पूनम संग दो मासूम बच्चों सहित परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।